चीन में कोरोना से हाहाकार...शंघाई में लगा लॉकडाउन, मेड इन चाइन वैक्सीन निकली एकदम बेकार
दुनिया भर में कोरोना फैलाने वाले चीन में एक बार इस महामारी से हाहाकार मच गया है। चीन कोरोना वायरस की चौथी लहर से जूझ रहा है। देश के सबसे बड़े शहर शंघाई में 2।6 करोड़ लोगों को लॉकडाउन कर दिया गया है। इस लॉकडाउन के तहत शंघाई शहर को अगले 9 दिनों के लिए दो भागों में बांटा जाएगा और इसके बाद बड़े पैमाने पर लोगों की टेस्टिंग की जाएगी।
26 मिलियन की आबादी वाले शहर शंघाई में रिकॉर्ड मामले सामने आने के बाद अब चीन की सरकार ने लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। रविवार को शंघाई में कोरोना के 3,450 मामले सामने आए थे जो देश में आए कुल मामलों का 70 फीसदी है। यहां के लोगों को घर पर रहने को कहा गया है। घरों में सामान की डिलीवरी के लिए चेकप्वाइंट बनाए गए हैं। आवश्यक नहीं माने जाने वाले ऑफिस और सभी व्यवसायों को बंद कर दिया गया है।
साथ ही सार्वजनिक परिवहन को बंद कर दिया गया है। कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में एक बार फिर से इजाफे के चलते शंघाई के थीम पार्क को पहले ही बंद कर दिया गया था।
लगातार बढ़ रहे हैं केस
चीन में इस महीने अब तक 56,000 से अधिक कोरोना के केस आए हैं। जिनमें से ज्यादातर मामले उत्तरपूर्वी प्रांत से आए हैं। शनिवार को दर्ज किए गए केवल 47 मामलों के साथ शंघाई में अपेक्षाकृत कम मामले सामने आए। चीन के रोग नियंत्रण केंद्र (सीडीसी) के संक्रामक बीमारी विशेषज्ञ वू जुनयू ने कहा, ‘चीन ‘जीरो कोविड’ के लक्ष्य का पालन करने की दिशा में काम कर रहा है। ‘जीरो कोविड’ नीति के तहत लॉकडाउन और करीबी संपर्क की जांच समेत बड़े पैमाने पर जांच, संदिग्ध व्यक्ति को घर पर पृथक-वास या सरकारी केंद्र में भेजना शामिल है।
चीन की कोविड वैक्सीन बेअसर
हांगकांग विश्वविद्यालय की ओर से किए गए अध्ययन के अनुसार, चीन की कोरोना वैक्सीन SinoVac ओमिक्रॉन के खिलाफ एंटीबॉडी विकसित करने में नाकाम साबित हुई है। इसके अलावा, यह उन लोगों को बचाने में भी नाकाम रही, जिन्हें पहले ही इस वैक्सीन की दो खुराक दी जा चुकी है। 2021 तक चीन की 1.6 बिलियन आबादी को 2.6 मिलियन से अधिक की खुराक दी जा चुकी है।
वैक्सीन लेने के बाद भी मौत
एक सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, 80 वर्ष से अधिक आयु के 3 प्रतिशत लोगों की मौत चीनी वैक्सीन SinoVac की दो खुराक लेने के बाद हुई। एक खुराक लेने वालों में मृत्यु दर 6 प्रतिशत है। उधर, शंघाई संक्रामक रोग विशेषज्ञ झांग वेनहोंग ने लोगों से 'सामान्य जीवन' के रखरखाव के साथ एंटी-वायरस उपायों को संतुलित करने का आह्वान किया है।