आज भारत को मिलेगा 15वां राष्ट्रपति, द्रौपदी मुर्मू या यशवंत सिन्हा सिन्हा कौन होगा महामहिम!
आज राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना होगी। मतगणना सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगी। मतगणना खत्म होने के साथ ही देश को 15वां राष्ट्रपति मिल जाएगा। राष्ट्रपति चुनाव के लिए यशवंत सिन्हा और द्रौपदी मुर्मू के बीच मुकाबला है। द्रोपदी मुर्मू एनडीए और यशवंत सिन्हा विपक्ष के उम्मीदवार हैं।
सभी राज्यों से मतपत्र संसद भवन लाए गए हैं। संसद भवन के कमरा संख्या 63 में मतगणना केंद्र बनाया गया हैं। इस कमरे में मतपत्रों की कड़ी सुरक्षा की जा रही है। चुनाव के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी राज्य सभा के सचिव जनरल पीसी मोदी गुरूवार को काउंटिग की निगरानी करेंगे, शाम तक चुनाव परिणाम आने की संभावना है।
एनडीए से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी की इस चुनाव में जीत की संभावना जताई गई है। अगर द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी महिला और भारत की 15वीं राष्ट्रपति बन जाएंगी। चर्चा है कि मुर्मू के पक्ष में काफी वोट पड़े हैं. अगर काउंटिंग में यह दावा सही निकला तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी। उधर, द्रौपदी मुर्मू के पैतृक स्थान ओडिशा के रायरंगपुर में तो जश्न की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।
इससे पहले देश की पहली महिला राष्ट्रपति प्रतिभा सिंह पाटिल रह चुकी हैं। आज से 15 साल पहले 21 जुलाई 2007 को राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना में प्रतिभा पाटिल ने जीत हासिल की थी। जिसके बाद 25 जुलाई 2007 को उन्हें राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई थी।
फिलहाल देश के वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है। आज मतगणना के बाद देश को नया राष्ट्रपति मिल जाएगा। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति को शपथ दिलाई जाएगी।18 जुलाई को हुई वोटिंग में संसद में बने बूथों में 728 वोट डाले गए। इनमें से 719 सांसद थे, जबकि 9 विधायकों को भी संसद भवन में वोटिंग की अनुमति मिली थी. संसद में कुल तय वोटों में से 98.91% वोटिंग हुई।