हरियाणा चुनाव में महिला उम्मीदवारों की संख्या घटी, इस बार 1031 उम्मीदवारों में महज़ 51 महिला! सवाल ये है, जीतेंगी कितनी?
ब्यूरोः हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग खत्म हो चुकी है और सभी 1031 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। अब मंगलवार, 8 अक्टूबर को जब ईवीएम खुलेगी तो इन 1031 उम्मीदवारों में 90 सदस्य विधानसभा के लिए चुनकर आएंगे। ये बात तो सभी को मालूम है कि राज्य की 90 विधानसभा सीटों पर विधायक चुने जाएंगे, लेकिन उन 90 विधायकों में कितनी महिलाएं होंगी, इसका फैसला भी 8 अक्टूबर को ही होगा। आपको बताते चलें कि इन 1031 उम्मीदवारों में से महज 51 महिला प्रत्याशी ही चुनावी मैदान में हैं। इससे साफ पता चलता है कि साल दर साल महिला उम्मीदवारों की गिनती चुनाव में कम होती जा रही है। लेकिन इसका सिर्फ एक कारण ये नहीं है कि राजनीतिक दल महिलाओं को मौका नहीं दे रहे या देना नहीं चाहते। इसका दूसरा कारण ये भी है कि महिलाओं को राज्य की जनता से उतना समर्थन नहीं मिलता।
किस पार्टी से कितनी महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में?
हरियाणा विधानसभा चुनाव में कुल 1031 उम्मीदवारों में से सिर्फ 51 ही महिला उम्मीदवार हैं। अगर पार्टी के हिसाब से देखें तो कांग्रेस ने 12 और भाजपा ने 11 महिला उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है। बाकी दलों की बात करें तो इसमें इनेलो की 11 महिला प्रत्याशी, आम आदमी पार्टी की तरफ से 10 और जजपा-असपा की तरफ से 8 महिला उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
इस बार की खास महिला उम्मीदवार
इस बार चुनावी मैदान में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती सिंह राव अटेली विधानसभा सीट से मैदान में हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की पोती श्रुति चौधरी इस बार भाजपा की तरफ से तोशाम सीट से चुनाव लड़ रही हैं।
जुलाना सीट से कांग्रेस की तरफ से विनेश फोगाट चुनावी मैदान में हैं।
जुलाना सीट से आम आदमी पार्टी ने महिला पहलवान कविता दलाल को मौका दिया है।
देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल निर्दलीय ही चुनावी मैदान में हैं।
नूंह से पहली महिला उम्मीदवार राबिया किदवई आम आदमी पार्टी की तरफ से चुनाव लड़ रही हैं।
अब तक कुल 87 महिला विधायक चुनी गई हैं
साल 1966 से पंजाब से अलग होकर बने हरियाणा प्रदेश में अभी तक सिर्फ 87 महिला विधायक चुनी गई हैं। गौर करने वाली बात यह है कि हरियाणा में अभी तक कोई महिला मुख्यमंत्री नहीं रही है। सवाल यह है कि हरियाणा चुनाव में महिलाओं की तस्वीरें कब बदलेगी?
महिला उम्मीदवारों की संख्या में हर साल आई कमी
हरियाणा में विधानसभा चुनाव लड़ने वाली महिला उम्मीदवारों की संख्या में गिरावट हुई है। साल 2019 के विधानसभा चुनाव के आंकड़े बताते हैं कि चुनाव में निर्दलीय समेत 104 महिला उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। इनमें से केवल नौ उम्मीदवार ही जीती थीं। अगर हम 2014 के विधानसभा चुनाव पर नजर डालें तो कुल 116 महिला उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था, जिसमें से केवल 13 महिला उम्मीदवार ही चुनाव जीत पाई थीं।
- PTC NEWS