कुरुक्षेत्र: केशव पार्क में आयोजित महायज्ञ में सुबह बड़ी घटना हो गई। यज्ञ में आए ब्राह्मणों पर बाउंसरों द्वारा फायरिंग की गई, जिसमें एक ब्राह्मण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के पीछे बासी भोजन को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
बासी भोजन परोसे जाने पर हुआ था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, यज्ञ में शामिल ब्राह्मणों को बासी भोजन परोसा गया, जिसका उन्होंने विरोध किया। लगातार हो रहे विरोध के चलते सुबह आयोजकों के सुरक्षा गार्डों और ब्राह्मणों के बीच बहस हो गई। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और गार्डों ने गुस्से में फायरिंग कर दी। इस हमले में लखनऊ से आए आशीष तिवारी नामक ब्राह्मण को गोली लग गई। घायल को तुरंत LNJP अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
केशव पार्क में 18 मार्च से 1008 कुंडीय शिव-शक्ति महायज्ञ आरंभ हुआ था। इसमें देश भर से 1500 से ज्यादा ब्राह्मणों को बुलाया गया था। इन ब्राह्मणों के ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था यज्ञ के आयोजकों ने की। ब्राह्मणों का आरोप है कि पहले दिन ने बाबा के सुरक्षा गार्ड (बाउंसर) उनके साथ किसी न किसी बात को लेकर परेशान कर रहे थे। कभी भी किसी के साथ मारपीट कर देते थे। कोई घूमता दिखाई देता तो उसे भी थप्पड़ या डंडा मार देते थे।
27 मार्च तक चलना है यज्ञ
यह यज्ञ 27 मार्च तक चलना है। इसमें BJP के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, राम विलास शर्मा, सीएम नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल समेत BJP के नेता शिरकत कर चुके हैं।
स्वामी हरिओम ने लिया हुआ है यज्ञ करवाने का संकल्प
अपने आपको यज्ञ सम्राट कहने वाले स्वामी हरि ओम ने 108 यज्ञ करवाने का संकल्प लिया हुआ है। कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में यह 102 वा महायज्ञ था जिसमें यज्ञ करवाने के लिए बुलाए गए ब्राह्मणों पर गोलियां चलाने से विघ्न पड़ गया। इससे पहले भी स्वामी जी दो बार कुरुक्षेत्र के इसी केशव पार्क में यज्ञ कर चुके हैं। पहले यज्ञ में बरसात के पानी से यज्ञ कुंड डूब गए थे और जलधारा से विघ्न पड़ा था। उसके बाद दूसरे यज्ञ में अग्निकांड होने से यज्ञ में विघ्न हुआ था। वही अब तीसरी महायज्ञ में गोलीकांड से विघ्न पड़ गया।
विश्व कल्याण हेतु महायज्ञ करवाने का दावा करने वाले स्वामी हरिओम अपने साथ अपने साथ बाउंसर लेकर चलते हैं, जो उनके साथ भारतीय सेना की वर्दी में तैनात रहती है। यह असली है या नकली है यह भी संदेह के घेरे में है। कुरुक्षेत्र में स्वामी जी संघ से जुड़े शिक्षा विभाग में सेवारत एक कर्मचारी के निवास पर आकर अक्सर रुकते हैं। यह कर्मचारी सरकारी सेवा में आने से पहले गीता निकेतन आवासीय विद्यालय में अपनी सेवाएं दे चुका है।
- With inputs from our correspondent