हरियाणे की ताई ने सोशल मीडिया पर मचा दी सनसनी, 75 की उम्र में भी उफनती लहरों से नहीं लगता डर
सोनीपत/जयदीप राठी: आजकल सोशल मीडिया पर एक बुजुर्ग दादी का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। दादी वीडियो में हर की पैड़ी में एक पुल पर चढ़ कर गंगा में छलांग लगाती नजर आ रही है। गंगा में अपनी तैराकी के कारनामे से दादी रातों-रात सोशल मीडिया पर स्टार बन गई।
गंगा नदी में छलांग लगाने वाली दादी (ताई) ओमवती हरियाणा में सोनीपत जिले के बंदेपुर गांव की रहने वाली हैं। दादी 75 साल की उम्र में भी डांस की शौकीन हैं। दादी ने गंगा नदी में छलांग लगाने वाले वीडियो के बारे में कहा कि कोई भी व्यक्ति ऐसा ना करे। उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि वो बचपन से ही तैराकी करने में माहिर हैं।
पानी बहुत गहरा था, लेकिन वह तैराकी जानती हैं। इसलिए गंगा नदी के किनारे चली गई थी। वही दादी के हौसलों को देखकर आज के युवा भी हैरान हैं। वही घर पर उनके पोता पोती भी उन्हें देखकर सीख रहे हैं।
हरियाणा के सोनीपत के गांव बंदेपुर की रहने वाली दादी ओमवती ने बताया कि वह बचपन से ही खान-पान का ख्याल रखती हैं। हरियाणा जो दूध दही के खाने से मशहूर है। उसने देसी घी बहुत ज्यादा खाया है और उसी का असर अभी तक दिखाई दे रहा है। इस उम्र में भी दादी ओमवती सुबह 4:00 बजे उठती हैं और सैर सपाटे के साथ-साथ व्यायाम भी करती हैं।
आसपास के युवा दादी को देख कर हैरान रहते हैं कि दादी इस उम्र में भी इतनी एक्टिव हैं। ओमवती ने खुद बताया कि वह जब भी हरिद्वार जाती हैं, इसी तरह छलांग लगाती हैं और जब उनके बेटा और पोता-पोती छलांग लगा रहे थे तो उनके मन में भी कूदने का ख्याल आया। दादी ओमवती ने बताया कि एक समय उनके साथ हादसा हो गया था। उनके दोनों पैर टूट गए थे, लेकिन परिवार की मेहनत से आज वह बिल्कुल ठीक हैं।
वही ओमवती की पोती रेनू ने बताया कि वह अपनी दादी को देख कर बहुत कुछ सीख रहे हैं। वह हर काम खुद करती हैं। उनकी दादी तैरने में भी बहुत ज्यादा माहिर हैं ,चक्की चलाने से लेकर पशुओं का चारा काटना और पशुओं का कार्य भी उनकी दादी करती हैं।