डीएसपी सुरेंद्र कुमार को शहीद का दर्जा, परिवार को मिलेगी 1 करोड़ की आर्थिक सहायता
हरियाणा सरकार ने डीएसपी सुरेंद्र कुमार को शहीद का दर्जा देने का ऐलान किया है। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि उन्होंने वीरता के साथ अपनी ड्यूटी करते हुए प्राण न्यौछावर किए हैं। सरकार इसके लिए उनके परिवार को 1 करोड़ की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देगी।
पिहोवा में वन महोत्सव कार्यक्रम के दौरान सीएम ने ये ऐलान किया। इस दौरान शहीद सुरेंद्र सिंह के लिए मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। सीएम ने कहा कि खनन माफिया ने डीएसपी की जान ले ली यह बहुत दुखद घटना है। हम उनके परिवार के साथ खड़े हैं। मेरी डीजीपी के साथ बात हुई है।
बता दें कि हरियाणा में नूंह जिले के तावड़ू क्षेत्र में आज खनन माफिया ने डीएसपी की डंपर के नीचे कुचल कर हत्या कर दी। डीएसपी सुरेंद्र सिंह पंचगांव में पहाड़ी पर अवैध माइनिंग की सूचना मिलने के बाद 11 बजे के करीब अपनी टीम के छापेमारी करने गए थे। उनके साथ 4 से 5 कॉन्सटेबल थे। सवा 12 बजे के करीब खनन माफिया ने उनकी जान ले ली।
जानकारी के मुताबिक पुलिस टीम को देख पहाड़ी के पास खड़े डंपर चालक और अवैध खनन में लगे लोग भागने लगे। भाग रहे डंपर चालकों को रोकने के लिए DSP सुरेंद्र सिंह विश्नोई सामने खड़े हो गए। रुकने की बजाय माफिया ने उनपर डंपर चढ़ दिया। टायर के नीचे आने से DSP की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया। डीएसपी सुरेंद्र सिंह हरियाणा के ही हिसार जिले के रहने वाले थे। शुरूआती जानकारी के मुताबिक DSP के साथ 3-4 पुलिस कर्मी ही मौजूद थे। हरियाणा सरकार ने घटना की पूरी जानकारी तलब की है। गृह मंत्री अनिल विज ने भी जांच के आदेश दिए हैं। डीएसपी सुरेंद्र सिंह तीन महीने बाद रिटायर होने वाले थे।
डीएसपी की हत्या के बाद पुलिस महकमे में पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, वारदात के बाद खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पर इस तरह का हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।