किसान महापंचायत: टिकरी बॉर्डर से हटी पुलिस, बिना किसी रोक-टोक के किसान रवाना हो रहे दिल्ली
जंतर मंतर पर किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए टिकरी बॉर्डर पर जो पुलिस तैनात की गई थी, अब वह पुलिस पीछे हट गई है। यानी अब किसान बेरोकटोक प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर के लिए रवाना हो रहे हैं।
किसानों को रोकने के लिए लगाए गए लोहे और कंक्रीट के बैरिकेड भी हटा लिए गए हैं। बॉर्डर पर अब दिल्ली पुलिस के जवान किसानों को दिल्ली में एंट्री करने से नहीं रोक रहे हैं। किसान इस बार ट्रैक्टर ट्रॉली की बजाए अपने निजी वाहनों और रेल के जरिए प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे हैं। हालांकि इस बार किसानों की संख्या उतनी नहीं है, जितनी टिकरी बॉर्डर पर किसान आंदोलन के समय थी।
पंजाब के कुछ बड़े संगठनों ने इस प्रदर्शन से दूर रहने का फैसला किया है। इतना ही नहीं राकेश टिकैत भी जंतर मंतर पर हो रहे इस प्रदर्शन का हिस्सा नहीं है। हालांकि संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े कुछ संगठन इस प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं। पंजाब और हरियाणा से काफी संख्या में किसान जंतर मंतर के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना हुए हैं।
किसानों का कहना है कि दिल्ली पुलिस अगर उन्हें रोकने का प्रयास करती तो वह भी जहां उन्हें रोका जाता वो वहां बैठकर प्रदर्शन करेंगे। बता दें कि जंतर-मंतर पर आज बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर किसान संगठन की महापंचायत बुलाई है।
किसान संगठनों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। इसी को लेकर आज 11 बजे से चार बजे तक किसान जंतर-मंतर रोष प्रकट करेंगे। इसके बाद संयुक्त किसान मोर्चा अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन सौंपने की तैयारी में है।