डीएसपी सुरेंद्र सिंह का आज होगा अंतिम संस्कार, मुख्य आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार
हरियाणा में मेवात के तावडू में DSP सुरेन्द्र सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी डंपर चालक शब्बीर उर्फ मित्तर को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने उसे राजस्थान से गिरफ्तार किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राजस्थान के भरतपुर में छिप गया था। पुलिस ने ट्रैप लगाकर उसे वारदात के 30 घंटे में ही दबोच लिया।
डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई आज उनके गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा। खनन माफिया ने मंगलवार को डंपर से कुचलकर उनकी हत्या कर दी थी।आरोपी की उम्र लगभग 30 साल है और वह पचगांव का रहने वाला है। हत्या के बाद आरोपी राजस्थान में अपने रिश्तेदारों के पास छिपा हुआ था। इसके साथ ही पुलिस ने मंगलवार को ही इस मामले में पुलिस ने डंपर क्लीनर इक्कर को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस इस मामले में दूसरे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी धरपक्कड़ कर रही है। गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। खनन माफिया कांग्रेस राज में फला फूला था। हम खनन माफिया के खिलाफ पूरी सख्ती बरत रहे हैं।
बता दें कि तावडू के डीएसपी सुरेंद्र सिंह मंगलवार को अवैध खनन की शिकायत मिलने पर छापेमारी करने गए थे, लेकिन उनकी खनन माफिया ने हत्या कर दी। हत्या के बाद पूरे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया।
हरियाणा सरकार ने डीएसपी सुरेंद्र सिंह को शहीद का दर्जा देने के साथ 1 करोड़ रुपया और परिवार को नौकरी देने का ऐलान किया था। सीएम मनोहर लाल ने डीएसपी की हत्या के बाद कहा था कि हम उनके परिवार के साथ खड़े हैं।