सीएम जयराम ने ज्वाली में जनसभा को किया संबोधित, कहा: हिमाचल ने 75 सालों ने स्थापित किए नए आयाम
कांगड़ा/ज्वाली: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांगड़ा के ज्वाली में आज एक जनसभा को संबोधित किया। रैली में सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि ज्वाली में एक नया विकास खंड कार्यालय खोला जाएगा और क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए 50 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल को 100 बिस्तरों के अस्पताल में स्तरोन्नत किया जाएगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत देश की जनता से अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में राष्ट्र और तिरंगे के प्रति गौरव, स्नेह और सम्मान की भावना पैदा करना है। मुख्यमंत्री ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रदेशवासियों का धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भी अपने अस्तित्व के 75वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और राज्य सरकार प्रदेश भर में 75 कार्यक्रम आयोजित करके इस महत्वपूर्ण अवसर को शानदार तरीके से मना रही है। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को राज्य के गौरवमयी विकासात्मक, सांस्कृतिक और राजनीतिक सफर से अवगत करवाना है।
उन्होंने कहा कि यह अवसर उन सभी नेताओं, डॉक्टरों, इंजीनियरों, शिक्षकों, कर्मचारियों, श्रमिकों, किसानों और सबसे बढ़कर उन सभी लोगों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का है, जिन्होंने हिमाचल के विकास में योगदान दिया है। उन्होंने हिमाचल को देश के अन्य राज्यों के लिए एक आदर्श राज्य बनाने तथा सक्षम नेतृत्व प्रदान करने के लिए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों का धन्यवाद भी किया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 प्रबंधन के मामले में हिमाचल देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में से एक रहा। उन्होंने कहा कि इस महामारी से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की न केवल प्रधानमंत्री, बल्कि अन्य राज्यों ने भी सराहना की है। उन्होंने कहा कि इस संकट के दौरान प्रदेश सरकार ने देश के अन्य राज्यों में फंसे लगभग ढाई लाख लोगों को सुरक्षित घर पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं ने उस कठिन दौर और संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण करने से भी परहेज नहीं किया। इन नेताओं ने कोरोना रोधी टीकाकरण को लेकर भी लोगों को गुमराह करने की कोशिश की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने धर्मशाला से ‘नारी को नमन’ कार्यक्रम शुरू करके महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में किराये में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की है।