पंजाब-हरियाणा के किसानों का प्रदर्शन, प्रदर्शनकारियों की जवानों के साथ झड़प

By  Deepak Kumar February 13th 2024 07:36 PM

ब्यूरोः न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी को लेकर कानून बनाने समेत विभिन्न मांगों के लिए पंजाब-हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसानों ने राष्ट्रव्यापी विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की जवानों के साथ झड़प भी हुई। पंजाब-हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसान संगठनों के आंदोलन की वजह से आज सीमाओं पर अच्छा-खासा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। इस दौरान प्रदर्शनकारी और जवानों के साथ झड़प भी हुई। 

वहीं, हरियाणा में किसान प्रदर्शन का खासा असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के जिले जींद की दातसिंह वाला सीमा पर किसानों ने पुलिस पर पथराव किया। इस पथराव में 5 पुलिसकर्मी और एक अर्धसैनिक का जवान घायल हो गए हैं।  घायलों को नरवाना के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्रशासन ने जींद चीनी मिल को बनाया अस्थाई जेल बनाया गया है।

दूसरी ओर कुरुक्षेत्र में पंजाब की सीमा पर ट्यूकर बॉर्डर पर आंदोलन पंजाब की ओर से बढ़ने के आसार पैदा हो गए हैं। पंजाब की ओर से आए किसानों ने बॉर्डर की स्थिति जानने के लिए वहीं पर पक्का मोर्चा लगाकर लंगर शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं किसानों ने दोपहर एक बजे ट्रैक्टरों की सहायता से सीमेंट के बड़े-बड़े अवरोधों को तोड़ने शुरू कर दिया, जिससे पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई।  

किसान आंदोलन को देखते हुए मंगलवार से आगामी आदेशों तक अधिकारी व कर्मचारियों की छुट्टी को रद्द करने के आदेश दिए गए हैं। केवल चिकित्सीय अस्पताल की स्थिति में सीएमओ जींद से चिकित्सा प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद ही सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद अवकाश की अनुमति दी जाएगी। उपायुक्त डॉ. मोहम्मद इमरान रजा ने आदेशों को सख्ती से पालन के लिए कहा है।

Related Post