Terrorist Attack in Moscow: मॉस्को में हुए आतंकी हमले की PM मोदी ने की निंदा, बोले- दुख की इस घड़ी में भारत रूस के साथ

By  Deepak Kumar March 23rd 2024 05:29 PM

ब्यूरोः रूस की राजधानी मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में कॉन्सर्ट के दौरान आतंकवादी हमला हुआ। इस हमले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर कड़ी निंदा की। 

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि हम मॉस्को में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने लिखा कि दुख की इस घड़ी में भारत रूसी संघ की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने राजधानी मॉस्को में सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। उन्होंने शोक संतप्त लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे दुख है कि हमले में कुछ लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हमले के बाद रूस के दूसरे सबसे बड़े शहर सेंट पीटर्सबर्ग में सभी सार्वजनिक कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने इसे "भयानक अपराध" कहा और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हमले की कड़ी निंदा करने का आह्वान किया।

बता दें रूस की राजधानी मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में कॉन्सर्ट में आतंकियों ने हमला किया। इस हमले में कम से कम 93 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। वहीं, सुरक्षाबलों ने 11 लोगों को हिरासत में लिया है। इसमें वे चार संदिग्ध भी शामिल हैं, जो सीधे तौर पर हत्याओं में शामिल थे।

Related Post