Haryana: राज्य में धान और बाजरे की खरीद जारी, समय से हो रहा है भुगतान, 37 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा की खरीद पूरी

हरियाणा में मार्केटिंग सीजन 2024-2025 के अंतर्गत मंडियों में धान व बाजरे की खरीद जारी है। इसी के साथ सरकार की तरफ से फसल की खरीद पर किसानों को समय पर भुगतान किया जा रहा है। अभी तक धान व बाजरा किसानों को 5419 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है।

By  Md Saif October 23rd 2024 11:44 AM

ब्यूरो: हरियाणा में मार्केटिंग सीजन 2024-2025 के अंतर्गत मंडियों में धान व बाजरे की खरीद जारी है। इसी के साथ सरकार की तरफ से फसल की खरीद पर किसानों को समय पर भुगतान किया जा रहा है। अभी तक धान व बाजरा किसानों को 5419 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है। अभी तक राज्य की मंडियों में 37 लाख 78 हजार 652 मीट्रिक टन धान की खरीद और 21 लाख 35 हजार 806 मीट्रिक टन धान का उठान हुआ है। कुल आवक में से 33,46,952 मीट्रिक टन की खरीद एजेंसियों द्वारा एमएसपी पर की गई है।


कुरुक्षेत्र जिला में हुई धान की सबसे ज्यादा खरीद

कुरुक्षेत्र जिले की मंडियों में सर्वाधिक 8 लाख 42 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान मंडियों में पहुंची है। अब तक 1 लाख 92 हजार 497 धान किसानों को लाभ पहुँच चुका है। अब तक मंडियों से 23 लाख 76 हजार 568 मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका है। इस बार ऑनलाइन गेट पास की सुविधा मिलने से किसानों को अपनी फसल बेचने में काफी सुविधा हो रही है।


वहीं 1 अक्टूबर से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बाजरे की खरीद भी जारी है। अब तक 3 लाख 44 हजार 795 मीट्रिक टन बाजरा खरीदा गया, जिसका किसानों को 469 करोड़ का सीधा भुगतान किया गया है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि इस बार ऑनलाइन गेट पास की सुविधा मिलने से किसानों को अपनी फसल बेचने में काफी सुविधा हो रही है। सरकार द्वारा कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान का समर्थन मूल्य 2320 रुपये प्रति क्विंटल दिया जा रहा है।

Related Post