Nayab Saini Cabinet Ministers: कौन हैं सैनी कैबिनेट में जगह पाने वाले अहीरवाल बेल्ट के बड़े नेता राव नरबीर सिंह

हरियाणा में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर इतिहास रच दिया है। आज पंचकुला में नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार हरियाणा के सीएम पद की शपथ ली। हरियाणा में सीएम सैनी के 13 और मंत्रियों ने भी शपथ ली। पंचकूला के दशहरा मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री और सीएम-डिप्टी सीएम शामिल हुए।

By  Md Saif October 17th 2024 06:25 PM -- Updated: October 17th 2024 06:29 PM

ब्यूरोः हरियाणा में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर इतिहास रच दिया है। आज पंचकुला में नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार हरियाणा के सीएम पद की शपथ ली। हरियाणा में सीएम सैनी के 13 और मंत्रियों ने भी शपथ ली। पंचकूला के दशहरा मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री और सीएम-डिप्टी सीएम शामिल हुए। सीएम सैनी के साथ शपथ लेने वाले 13 मंत्रियों में राव नरबीर सिंह का नाम भी शामिल है। आइए जानते हैं कौन हैं हरियाणा के नए मंत्री राव नरबीर सिंह।





कौन हैं राव नरबीर सिंह  

राव नरबीर सिंह का जन्म 2 अप्रैल 1961 को गुड़गांव में हुआ था। राव नरबीर सिंह, मोहर सिंह यादव के पोते हैं, जो 1942 में भारत और पाकिस्तान के विभाजन से पहले पंजाब राज्य में एमएलसी थे। उनके पिता महावीर सिंह यादव भी हरियाणा राज्य में पूर्व कैबिनेट मंत्री थे।


बादशाहपुर सीट से चुनाव जीतने वाले राव नरबीर सिंह अहीरवाल बेल्ट के बड़े नेता कहे जाने वाले राव इंद्रजीत सिंह के धुर विरोधी रहे हैं। पूरे इलाके में राव नरबीर ही इकलौते ऐसे नेता हैं, जिन्होंने अपने दम पर न केवल हाईकमान से सीधे टिकट हासिल की, बल्कि इस इलाके में सबसे बड़ी जीत भी दर्ज की है। उन्होंने 1987 में जटूसाना और 1996 में सोहना से विधानसभा चुनाव सफलतापूर्वक लड़ा। इससे पहले उन्होंने 1987 में राज्य गृह मंत्री और 1996 में हरियाणा सरकार में परिवहन मंत्री का पद संभाला था। वे 26 वर्ष की आयु में राज्य गृह मंत्रालय का पद संभालने वाले देश के सबसे युवा निर्वाचित प्रतिनिधि बन गए। 1996 में उनके पास खेल और मुद्रण एवं स्टेशनरी मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी था। उन्होंने 2009 में गुड़गांव से लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन असफल रहे। राव नरबीर सिंह की धर्मपत्नी का नाम अनीता सिंह है और उनके दो बच्चे हैं।


नरबीर सिंह 2014 में मनोहर लाल खट्‌टर की सरकार में पावरफुल कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। कहा जाता है कि उनके सीधे हाईकमान से अच्छे संबंध हैं। इसकी दूसरी वजह उनका राव इंद्रजीत सिंह का विरोधी होना भी है। 10 विधायकों में राव इंद्रजीत सिंह के धुर विरोधी में इकलौते राव नरबीर ही हैं। भाजपा नरबीर को मंत्री बनाकर इलाके में राव इंद्रजीत सिंह के बराबर नेता खड़ा कर सकती है। 55 साल के राव नरबीर सिंह ने ग्रेजुएशन की हुई है। 2014 में खट्टर सरकार में लोक निर्माण मंत्री रहे राव नरबीर सिंह को 2019 में टिकट नहीं दिया गया था।

Related Post