हरियाणा विधानसभा कूच कर रहीं 200 से ज्यादा आशा वर्कर गिरफ्तार, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

हरियाणा विधानसभा कूच के लिए चंडीगढ़ जा रही हजारों आशा वर्करों को पुलिस ने रास्तों में रोक लिया। जिसके बाद विरोध में उन्होंने वहीं पर सरकार, विभाग और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

By  Rahul Rana August 28th 2023 06:32 PM

ब्यूरो : हरियाणा विधानसभा कूच के लिए चंडीगढ़ जा रही हजारों आशा वर्करों को पुलिस ने रास्तों में रोक लिया। जिसके बाद विरोध में उन्होंने वहीं पर सरकार, विभाग और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के पूर्व महासचिव सतीश सेठी सहित 200 से ज्यादा आशा वर्करों को नारायणगढ़ में धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

वहीं आशा वर्कर यूनियन की राज्य प्रधान सुरेखा, महासचिव सुनीता, उप प्रधान सुधा , हेमलता और सीटू के महासचिव जय भगवान आशा वर्करों के साथ यवनीका पार्क पंचकूला पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें जबरन गिरफ्तार कर लिया।

इस दौरान आशा वर्कर यूनियन हरियाणा की महासचिव सुनीता व प्रधान सुरेखा ने सरकार के इशारे पर पुलिस द्वारा की गई दमनात्मक कार्रवाई की घोर निंदा की। उन्होंने कहा कि आज सरकार के इशारे पर पुलिस ने मदर आफ डेमोक्रेसी का नमूना पेश किया है।

उनका कहना है कि जब तक मांगों का समाधान नहीं होगा तब तक 8 अगस्त से चल रही आशा वर्कर की हड़ताल जारी रहेगी। हालांकि जिला प्रशासन ने आशा वर्करों के कूच को लेकर शहर में धारा 144 लगा दी है। इसके अलावा उन्होंने सरकार पर अनदेखी का आरोप भी लगाया।  


Related Post