15 लाख के कर्ज के बदले चुकता किए 38 लाख...फिर भी नहीं उतरा कर्ज, परेशान होकर खुद को लगाई आग

By  Vinod Kumar December 9th 2022 12:37 PM

फरीदाबाद/सुधीर शर्मा: एनआईटी फरीदाबाद में एक शख्स ने सूदखोर से परेशान होकर अपने ऊपर तेल छिड़ककर अपने आप को आग लगा ली। आग लगाने के चलते शख्स बुरी तरह से झुलस गया, जिसके बाद उसे आनन-फानन में फरीदाबाद के सिविल अस्पताल बादशाह खान में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। 

गौरतलब है कि आत्मदाह के प्रयास से पहले शख्स ने पुलिस कमिश्नर के नाम एक लेटर लिखा और व्हाट्सएप पर लेटर को वायरल किया और फिर अपने आप को आग के हवाले कर दिया। बता दें कि आग लगाने वाले शख्स का नाम राजकुमार उम्र 55 साल है। आग में झुलसा पीड़ित एनआईटी फरीदाबाद के नंबर-1 में अपने परिवार के साथ रहता है। जिन्होंने एक सूदखोर से परेशान होकर आज अपने आप को आग के हवाले कर दिया। 

पीड़ित राजकुमार के परिजनों के मुताबिक आज sector-56 के रहने वाले बृजेश कुमार शर्मा ने राजकुमार को लगातार कई फोन किए और उन्हें मिन्नी गगन हॉल के पास मिलने के लिए बुलाया था। इसके कुछ देर बाद पता चला कि राजकुमार ने खुद को आग लगा ली है। राजकुमार के परिजनों ने आरोप लगाया कि बृजेश कुमार शर्मा ने राजकुमार को 5 साल पहले 15 लाख रुपए उधार दिए थे, जिसकी एवज में वह हर महीने उनसे 50 हजार रुपये ब्याज लेता था। 

राजकुमार 5 सालों में अब तक 38 लाख दे चुका था, लेकिन फिर भी उसका ब्याज और मूल खत्म नहीं हो रहा था। बृजेश ने दबाव बनाकर राजकुमार से 17 लाख की एक स्कॉर्पियो निकलवा ली और उसकी किस्त वह राजकुमार से ही भरने का दबाव बना रहा था और आज बृजेश कुमार शर्मा ने उन्हें मिनी गगन के पास मिलने के बुलाया था, लेकिन बृजेश के ज्यादा दबाव बनाने के चलते राजकुमार ने अपने आप को आग लगा ली।  


Related Post