Haryana Election 2024: हरियाणा के एग्जिट पोल को सैनी-विज ने नकारा, हुड्‌डा ने कहा- कांग्रेस को मिल रहा बहुमत

हरियाणा विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल सामने आ गए है। इसको लेकर BJP ने 12 एग्जिट पोल में कांग्रेस को बहुमत के दावे को नकार दिया है।

By  Deepak Kumar October 6th 2024 01:38 PM

ब्यूरोः हरियाणा विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल सामने आ गए है। इसको लेकर BJP ने 12 एग्जिट पोल में कांग्रेस को बहुमत के दावे को नकार दिया है। इसको लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार शाम को दावा किया कि भाजपा भारी बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने यह दावा कई एग्जिट पोल में हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत की भविष्यवाणी के बाद किया।

कुरुक्षेत्र में पत्रकारों से बात करते हुए सैनी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भाजपा सरकार ने हर वर्ग के लिए काम किया है। एग्जिट पोल पर एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा को क्षेत्रवाद, परिवारवाद और राज्य के खिलाफ भेदभाव से मुक्त किया गया। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि हमने हरियाणा के विकास को नई गति दी है और 8 अक्टूबर को भाजपा हरियाणा में भारी बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाएगी।

एग्जिट पोल पर अंबाला कैंट विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार अनिल विज ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा त्योहार है। हम यहां से बहुत बड़े अंतर से जीत रहे हैं। एग्जिट पोल की पोल पहले भी खुल चुकी है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के निर्वाचन क्षेत्र में वोट प्रतिशत 5% कम हुआ। मेरे निर्वाचन क्षेत्र में यह 3% बढ़ा। इसका मतलब है कि कांग्रेस के लिए जनता का समर्थन कम हुआ है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल पर सिरसा की ऐलनाबाद विधानसभा सीट से इनेलो प्रत्याशी अभय सिंह चौटाला का कहना है कि "एग्जिट पोल हमेशा पुराने आंकड़े दिखाते हैं। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के भी एग्जिट पोल आए जिसमें कांग्रेस की जीत दिखाई गई लेकिन सरकार बीजेपी ने बनाई। 8 अक्टूबर को एग्जिट पोल सामने आएंगे और जो लोग सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं, उनके दावे भी ध्वस्त हो जाएंगे।

कांग्रेस नेता और हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मैं शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए हरियाणा के सभी मतदाताओं को धन्यवाद देना चाहता हूं। एग्जिट पोल कल आए लेकिन मैं यह लंबे समय से कह रहा हूं कि लोगों ने कांग्रेस पार्टी को भारी बहुमत से सत्ता में लाने का मन बना लिया है। कांग्रेस 2005 से 2014 तक सत्ता में थी और लोगों ने हमारी उपलब्धियां देखी हैं और जब भाजपा-जेजेपी 2014 से 2024 तक सत्ता में थी, तो लोगों ने देखा है कि वे कैसे विफल हुए।

गौर रहे कि शनिवार को कई एग्जिट पोल में हरियाणा में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलने की भविष्यवाणी की गई थी।  रिपब्लिक-मैट्रिज पोल ने कांग्रेस को 55-62 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है, जबकि भाजपा को 18-24 सीटें मिलने का अनुमान है। बता दें हरियाणा विधानसभा चुनाव में शनिवार को 60 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। शाम 7 बजे तक उपलब्ध ईसीआई के आंकड़ों के अनुसार, 61.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया और सभी आंकड़े आने के बाद इसमें और वृद्धि होने की संभावना है। सैनी के अलावा मैदान में अन्य शीर्ष नाम भाजपा के अनिल विज और ओपी धनखड़, कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा और विनेश फोगट, आईएनएलडी के अभय सिंह चौटाला और जेजेपी के दुष्यंत चौटाला हैं। भाजपा, कांग्रेस, इनेलो-बसपा और जेजेपी-आजाद समाज पार्टी गठबंधन और आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ने वाली प्रमुख पार्टियां हैं।

Related Post