अरे रिजल्ट तो आने दो! हिमाचल कांग्रेस में सीएम की कुर्सी को लेकर घमासान, एक दूसरे को ही पटखनी देने की तैयारी

himachal election result 2022: हिमाचल प्रदेश में एग्जिट पोल के आंकड़े कांग्रेस के लिए अच्छे नहीं है। सिर्फ आजतक एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में कांग्रेस को 30 से 40 सीटें दी गई हैं। अधिकतर एग्जिट पोल में कांग्रेस पिछड़ती हुई ही नजर आ रही है। दूसरी तरफ नतीजों से पहले कांग्रेस नेताओं में सीएम पद को लेकर घमासान शुरू हो गया है।
पार्टी की चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रतिभा सिंह की दावेदारी को लेकर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बनने के लिए पहले विधायक बनना पड़ता है। कांग्रेस ने अपना मुख्यमंत्री चेहरा घोषित ही नहीं किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी का सूपड़ा इस बार साफ हो जाएगा। कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी।
वबीं, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी अप्रत्यक्ष तौर पर मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी जता दी है। वहीं, सुक्खू भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार माने जा रहे हैं। वह पहले ही कह चुके हैं कि चुने हुए विधायकों में से ही मुख्यमंत्री चुना जाएगा। प्रतिभा अभी मंडी लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि सीएम कौन बनेगा इसका फैसला चुने हुए विधायक और हाईकमान करेगा। उन्होंने इशारों ही इशारों में अपनी दावेदारी जताते हुए कहा कि अभी लोगों का वीरभद्र परिवार के प्रति पूर्ण समर्पण है। लोग वीरभद्र परिवार का नेतृत्व आगे भ देखना चाहती है।
बता दें कि हिमाचल में कई नेता सीएम पद को लेकर दावेदारी जता रहे हैं। सुक्खू और प्रतिभा सिंह के अलावा, राम लाल ठाकुर, धनीराम शांडिल, आशा कुमारी, कौल सिंह ठाकुर, मुकेश अग्निहोत्री सीएम पद की रेस में हैं। ये नेता दिल्ली में अलग अलग बैठकें भी कर चुके हैं।