Haryana News: राजभवन पहुंचे अमित शाह और नायब सिंह सैनी, पेश करेंगे सरकार बनाने का दावा

केंद्रीय मंत्री अमित शाह, मनोनीत सीएम नायब सिंह सैनी और अन्य लोगों के साथ बुधवार को सरकार बनाने का दावा पेश करने राजभवन पहुंचे।

By  Deepak Kumar October 16th 2024 02:50 PM -- Updated: October 16th 2024 03:11 PM

ब्यूरोः आज यानी बुधवार को पंचकूला में भाजपा विधायक दल की मीटिंग हुई है। इस मीटिंग में नायब सिंह सैनी को विधायक दल का नेता चुना गया है। इसके बाद केंद्रीय मंत्री अमित शाह, मनोनीत सीएम नायब सिंह सैनी और अन्य लोगों के साथ बुधवार को सरकार बनाने का दावा पेश करने राजभवन पहुंचे। सैनी को समर्थन देने वाले 3 निर्दलीय विधायक भी राजभवन पहुंच गए हैं। इन निर्दलीय विधायकों में सावित्री जिंदल, देवेंद्र कादयान और राजेश दून शामिल हैं।


इससे पहले आज नायब सिंह सैनी को सर्वसम्मति और निर्विरोध रूप से भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और पूर्व राज्य मंत्री अनिल विज ने हरियाणा के पंचकूला में आयोजित विधायक दल की बैठक में सैनी के नाम का प्रस्ताव रखा। हरियाणा भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सैनी कल 17 अक्टूबर को दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 

बैठक को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हरियाणा ने देश के राजनीतिक पंडितों को गलत साबित करके लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाकर इतिहास रच दिया है। हरियाणा भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सैनी ने कहा कि हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर भरोसा जताते हुए तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई है और लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के 2047 तक विकसित भारत बनाने के विजन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है।


Related Post