बढ़ती महंगाई को लेकर पीएम से सवाल करना चाहती हैं महिलाएं, हिमाचल में AAP का कोई आधार नहीं: अलका लांबा
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर के श्री नैना देवी दौरे के दौरान बीजेपी और आम आदमी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब में कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
अलका लांबा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिमाचल दौरे का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। महिलाएं पीएम मोदी से गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों, रसोई के डगमगाए बजट लोकर हिसाब किताब पूछना चाहती हैं। बीजेपी सरकार के कार्यकाल में महिलाएं काफी गुस्से में हैं।
अलका लांबा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी का कोई आधार नहीं है। पंजाब में हालात दिन पर दिन बिगड़ रहे हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह से डगमगा गई है। गुंडागर्दी का माहौल है और जो भी उन्होंने महिलाओं के साथ वादे किए थे वह वादे भी पूरे नहीं किए हैं।
अलका लांबा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता आम आदमी पार्टी के झांसे में नहीं आएगी और कांग्रेस फिर से हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ होगी ऐसा उनका विश्वास है।