mann ki baat: शहीद भागत सिंह होगा चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम, चीतों के नामकरण के लिए PM ने मांगे सुझाव
पीएम मोदी ने आज रेडियो पर मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार जनता के सामने रखे। पीएम के मन की बात कार्यक्रम का ये 93वां एपिसोड था। कार्यक्रम का प्रसारण ऑल इंडिया रेडियो के साथ साथ दूरदर्शन, यूट्यूब और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी किया गया।
मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह करने का ऐलान किया। पीएम मोदी ने कहा कि भगत सिंह की जयंती के ठीक पहले उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। चंडीगढ़ हवाईअड्डे का नाम अब शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा जाएगा। इसकी लंबे समय से प्रतीक्षा की जा रही थी।
कुनो राष्ट्रीय उद्यान में लाए गए अफ्रीकी चीतों के बारे में पीएम मोदी ने कहा कि देश के कोने-कोने से लोगों ने भारत में चीतों के लौटने पर खुशी जताई है। भारत के ‘प्रकृति प्रेम' के कारण ही 130 करोड़ भारतवासी खुश हैं और गर्व महसूस कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि चीतों की निगरानी के लिए एक टास्क फोर्स बनी है। ये टास्क फोर्स चीतों की निगरानी करेगी। टास्कफोर्स ये देखेगी कि चीते यहां कितने घुल-मिल पाए हैं। इसी आधार पर कुछ महीने बाद कोई निर्णय लिया जाएगा, और तब लोगों को चीतों को देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि आप लोग MyGov पर चीतों के नाम सुझा जा सकते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज 25 सितंबर है। इस दिन देश के प्रखर मानवतावादी, चिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिन मनाया जाता है। उनके विचारों की खासियत ये रही है कि उन्होंने अपने जीवन में विश्व की बड़ी उथल-पुथल को देखा था। वो विचारधाराओं के संघर्षों के साक्षी रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत पैरा स्पोर्टस में भी सफलता के परचम लहरा रहा है। हम सभी कई प्रतियोगिताओं के साक्षी रहे हैं। आज कई लोग ऐसे हैं, जो दिव्यांगों के बीच फिटनेस कल्चर को बढ़ावा देने में जुटे हैं। इससे दिव्यांगों के आत्मविश्वास को बहुत बल मिलता है।
पीएम मोदी ने कहा इस समय देश में चारों तरफ उत्सव की रौनक है। कल नवरात्रि का पहला दिन है। देवी के पहले स्वरूप ‘मां शैलपुत्री’ की उपासना होगी। यहां से नौ दिनों का नियम-संयम और उपवास और फिर विजयदशमी का पर्व भी होगा, यानि एक तरह से देखें तो हम पाएंगे कि हमारे पर्वों में आस्था और आध्यात्मिकता के साथ-साथ कितना गहरा संदेश भी छिपा है।